Jabalpur News: संदीपनी स्कूल को 10 किमी दूर शिफ्ट करने का विरोध, छात्रों ने किया चक्काजाम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
पाटन में संदीपनी स्कूल को करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम सकरा में शिफ्ट किए जाने के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए। छात्रों ने पाटन चौराहे पर चक्काजाम कर जबलपुर-दमोह-भोपाल मार्ग को करीब एक घंटे तक बाधित रखा। बड़ी संख्या में छात्रों के सड़क पर उतरने से पुलिस और प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम मानवेंद्र सिंह और पाटन थाना पुलिस सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द बसों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया।

10 किमी दूर स्कूल जाने से बढ़ी परेशानी

छात्रों के मुताबिक, पाटन में स्कूल संचालित होने से आसपास के गांवों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए आवागमन आसान था। अब स्कूल को ग्राम सकरा में शिफ्ट किए जाने से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के सामने रोजाना स्कूल आने-जाने की समस्या खड़ी हो गई है। स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण भी शुरू हो चुका है।

छात्रों ने लगाया धमकी देने का आरोप

प्रदर्शनकारी छात्र अभय प्रजापति ने आरोप लगाया कि विरोध कर रहे विद्यार्थियों को कुछ शिक्षकों द्वारा टीसी देने और फेल करने की धमकी दी गई। छात्रों का कहना है कि इस तरह दबाव बनाकर उन्हें प्रदर्शन से पीछे हटाने की कोशिश की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

बसों की व्यवस्था का दिया आश्वासन

एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रों की मुख्य मांग स्कूल तक आने-जाने के लिए बसों की व्यवस्था करने की है। स्कूल प्रिंसिपल से भी इस संबंध में चर्चा की गई है। बसों की व्यवस्था के लिए टेंडर जारी हो चुका है और प्रशासन जल्द ही परिवहन सुविधा शुरू करने का प्रयास कर रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post