दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी/भोपाल। कटनी की CSP नेहा पच्चीसिया के खिलाफ दर्ज FIR के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन पर पुलिसिया दबाव का इस्तेमाल कर जमीन खरीदने और वसूली से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, कटनी में पदस्थापना के दौरान नेहा पच्चीसिया को लेकर कुछ शिकायतें सामने आई थीं। आरोप है कि हत्या के एक मामले में आरोपी की करीब 80 लाख रुपये की जमीन को पुलिसिया धौंस दिखाकर एक एजेंट के माध्यम से 18 लाख रुपये में खरीदा गया। इसके अलावा एक ट्रांसपोर्टर ने भी वसूली के आरोप लगाए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी एसपी ने पहले कार्रवाई करते हुए CSP के सरकारी ड्राइवर को निलंबित किया था और नेहा पच्चीसिया से थानों का प्रभार भी वापस ले लिया था। इसके बाद जबलपुर जोन के आईजी ने मामले की जांच की जिम्मेदारी ASP अनु बेनीवाल को सौंपी थी।
जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई। इसके बाद कटनी में CSP नेहा पच्चीसिया सहित तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, दबाव या पद के दुरुपयोग को स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
FIR दर्ज होने के बाद CSP नेहा पच्चीसिया ने मामले को लेकर हाईकोर्ट का रुख भी किया था, हालांकि उन्हें वहां से तत्काल राहत नहीं मिली।
Tags
madhya pradesh
