MP News: होटल में युवक-युवती से पुलिसकर्मी बनकर 70 हजार की वसूली, तीन आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र के एक होटल में युवक-युवती से कथित तौर पर पुलिसकर्मी बनकर रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोग सामान्य कपड़ों में होटल के कमरे में पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर युवक-युवती से पूछताछ करने लगे। इसके बाद दोनों को कार्रवाई और केस में फंसाने की धमकी दी गई। आरोपियों ने युवक से करीब 60 से 70 हजार रुपए वसूल लिए।

शिकायत मिलने के बाद पिपलानी पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस को शुरुआती जांच में यह मामला किसी सुनियोजित साजिश या हनीट्रैप जैसी वारदात से जुड़ा होने की आशंका है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है।

होटल के कमरे में पहुंचे चार लोग

पिपलानी थाने के एसआई संतोष रघुवंशी के मुताबिक घटना 3 अगस्त की शाम करीब 6 बजे की है। बरखेड़ी खुर्द निवासी एक युवक पिपलानी क्षेत्र स्थित होटल में एक युवती के साथ कमरे में मौजूद था। इसी दौरान चार लोग कमरे में पहुंचे।

आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और युवक-युवती से पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने दोनों को कार्रवाई करने और युवक को केस में फंसाने की धमकी दी। अचानक पुलिस कार्रवाई की बात सामने आने से युवक घबरा गया।

केस से बचाने के नाम पर मांगे रुपए

पुलिस के अनुसार आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति ने खुद को मददगार बताते हुए युवक को कथित कार्रवाई से बचाने की बात कही। इसके बाद दबाव बनाकर युवक से करीब 60 से 70 हजार रुपए ले लिए गए।

घटना के बाद युवक ने पिपलानी थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस के मुताबिक शिकायत घटना के करीब चार से पांच दिन बाद दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने मामले में अबूजर, रघुवीर और करुणा शाही को गिरफ्तार किया है। वहीं चौथा आरोपी यावर फिलहाल फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया था और मंगलवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया जाना है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

सीसीटीवी और मोबाइल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक आरोपी सामान्य कपड़ों में होटल पहुंचे थे और उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताकर युवक-युवती को डराया। अब पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post