Jabalpur News: व्हीकल बाजार में चाकूबाजी, पियुष ने हाथ पकड़े, अंकित ने घोंपा चाकू; अजय घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
रांझी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए 500 रुपए नही देने पर एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, वीएफजे गेट नंबर-2, अखाड़ा मोहल्ला रिछाई रांझी निवासी 20 वर्षीय अजय कोल इंटीरियर का काम करता है। उसने रांझी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त यश ठाकुर के साथ व्हीकल बाजार में सब्जी खरीदने गया था। इसी दौरान उसे स्कूल में साथ पढ़ने वाला पियुष शर्मा मिला। पियुष के साथ उसका दोस्त अंकित रजक भी मौजूद था।

अजय के अनुसार, पियुष शर्मा ने काफी दिनों बाद मिलने की बात कहते हुए चाय पीने के लिए कहा। इसके बाद तीनों व्हीकल बाजार स्थित रामलीला मैदान के सामने चाय पीने लगे। चाय पीते समय अंकित रजक ने अजय से शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे। अजय ने बताया कि उसके पास पैसे नहीं हैं, क्योंकि वह सब्जी खरीद चुका है। उसने यह भी कहा कि वह अंकित को पहचानता तक नहीं है।

इसी बात को लेकर पियुष शर्मा और अंकित रजक कथित तौर पर अजय से गाली-गलौज करने लगे। अजय ने जब गाली देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पियुष शर्मा ने अजय के दोनों हाथ पकड़ लिए और अंकित रजक ने चाकू से हमला कर उसकी दाहिनी जांघ के पीछे की तरफ चोट पहुंचा दी।

घटना के दौरान अजय के दोस्त यश ठाकुर ने बीच-बचाव किया। इसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। 

पुलिस ने अजय की रिपोर्ट पर पियुष शर्मा और अंकित रजक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296(ए), 119(1), 119(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post