Jabalpur News: हज यात्रियों को छोड़ने उमड़ी हजारों की भीड़, जबलपुर स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हज यात्रियों को विदा करने के लिए रविवार रात जबलपुर रेलवे स्टेशन पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रेन नंबर 12187 गरीब रथ एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 पर पहुंचते ही प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 6 से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। देखते ही देखते स्टेशन पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए।

स्थिति बिगड़ती देख आरपीएफ जवानों ने मोर्चा संभाला। यात्रियों और उनके परिजनों को नियंत्रित करने के लिए लगातार अनाउंसमेंट कराया गया। इसके बावजूद भीड़ कम नहीं हुई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को स्टेशन पर तैनात करना पड़ा।

एक यात्री के साथ पहुंच रहे कई लोग

हज यात्रा के लिए रवाना होने वाले यात्रियों को विदा करने उनके परिवार और परिचित बड़ी संख्या में स्टेशन पहुंचते हैं। रविवार रात भी एक यात्री के साथ कई लोग स्टेशन के अंदर पहुंच गए, जिससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ लगातार बढ़ती गई। ट्रेन के रवाना होने का समय नजदीक आने के साथ स्थिति और गंभीर हो गई।

प्लेटफॉर्म टिकट बंद कराने के बाद भी नहीं थमी भीड़


आरपीएफ के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12187 के प्लेटफॉर्म 2/3 पर आने के समय अक्सर भारी भीड़ जमा हो जाती है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एंट्री गेट पर पर्याप्त चेकिंग स्टाफ की जरूरत है। साथ ही ट्रेन के आने से पहले यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करना जरूरी है।

भीड़ बढ़ने पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री भी बंद कराई गई और लगातार लोगों से स्टेशन के अंदर नहीं जाने की अपील की गई। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग प्लेटफॉर्म तक पहुंचते रहे।

आरपीएफ ने सुझाव दिया है कि ट्रेन का संचालन प्लेटफॉर्म नंबर 1 या 6 से किया जाए, ताकि स्टेशन के अंदर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। इस संबंध में संबंधित विभाग को भी जानकारी दी जा चुकी है।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि हज यात्रियों के साथ उन्हें छोड़ने आने वाले लोगों की संख्या हजारों में होती है। स्टेशन पर बच्चों और महिलाओं की भी बड़ी संख्या मौजूद रहती है, जिससे भीड़ के बीच किसी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

बाहर ही मिलें, नहीं तो होगी कार्रवाई

आरपीएफ ने हज यात्रियों के परिजनों और परिचितों से अपील की है कि वे यात्रियों को विदा करने के लिए स्टेशन के अंदर जाने के बजाय बाहर ही मुलाकात करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि समझाइश के बावजूद यदि लोग स्टेशन के अंदर पहुंचकर भीड़ बढ़ाते रहे तो सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

आरपीएफ का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने में सभी का सहयोग जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post