दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ट्रेनों में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले चार आरोपियों को जबलपुर जीआरपी ने गिरफ्तार कर चोरी के कई मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, सोने का मंगलसूत्र, नकदी सहित करीब 3 लाख 65 हजार 300 रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया है।
जीआरपी की पहली कार्रवाई में नरसिंहपुर निवासी तुलसीराम मेहरा को तकनीकी सुरागों के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की वारदात स्वीकार किए जाने के बाद उसके कब्जे से करीब 33,700 रुपये मूल्य का रियलमी मोबाइल और सोने का मंगलसूत्र बरामद किया गया।
इसी मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम प्रयागराज पहुंची। यहां ग्राम सराय मकई, बाबूगंज, प्रतापगढ़ निवासी मसीहूद्दीन (28) और तेलीयरगंज, प्रयागराज निवासी मोहम्मद इबाद (23) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से अलग-अलग चोरी के मामलों से संबंधित करीब 1,37,288 रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
जीआरपी जबलपुर ने एनकेजे कटनी निवासी प्रदीप सूर्यवंशी (27) को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था। उसके पास से कटनी-भुसावल एक्सप्रेस में हुई चोरी का एक रियलमी मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
आईफोन 14 प्रो मैक्स भी बरामद
जांच में पुलिस को मुंबई-हावड़ा मेल में हुई हाई-वैल्यू चोरी के मामले में भी सफलता मिली। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एप्पल आईफोन 14 प्रो मैक्स, जिसकी कीमत करीब 1,71,800 रुपये बताई गई है, बरामद किया गया।
Tags
jabalpur


