Jabalpur News: मारपीट कर लूट करने वाले तीन लुटेरे गिरफ्तार, विजय नगर पुलिस की कार्रवाई

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना विजय नगर पुलिस ने मारपीट कर लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 450 रुपये नगद बरामद किए हैं, जबकि शेष रकम खर्च किए जाने की जानकारी आरोपियों ने दी है।

थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि गौरव ठाकुर (29), निवासी सप्तऋषि कॉलोनी, लमती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह गढ़ा फाटक स्थित एक कपड़े की दुकान में कार्यरत हैं। 20 जुलाई की रात करीब 11 बजे वह घड़ी चौक से पैदल घर लौट रहे थे। बचपन स्कूल के पास एक लाल रंग के ई-रिक्शा से आए दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। एक आरोपी ने चाकू अड़ाकर धमकाया, जबकि दोनों ने मारपीट कर उनका पर्स छीन लिया, जिसमें 3,900 रुपये नकद और पहचान पत्र सहित अन्य दस्तावेज रखे थे। वारदात के बाद आरोपी ई-रिक्शा से मानस चौक की ओर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर थाना विजय नगर में धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिरों की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजीव गांधी नगर में दबिश देकर तीन आरोपियों—नंदू उर्फ शिवकुमार नायक (30), तारा उर्फ तनुज नायक (23) और संजू केवट (22) को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 450 रुपये बरामद किए। शेष राशि आरोपियों द्वारा खर्च किए जाने की बात सामने आई। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी नंदू उर्फ शिवकुमार नायक के विरुद्ध पूर्व से चोरी और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं, जबकि संजू केवट के खिलाफ सट्टा एवं आबकारी एक्ट के दो प्रकरण दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक रामेश्वर बॉक्सर तथा आरक्षक विनीत और सत्यम की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post