MP News: मुर्गा पकाने के विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की फावड़े से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में मुर्गा पकाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां छोटे भाई ने अपने बड़े भाई के सिर पर फावड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी अनिल मरकाम (42) को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

मुर्गा पकाने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना 27 अगस्त की रात ग्राम नेवसा बहेरा में हुई। यहां बजारी मरकाम (45) अपने छोटे भाई अनिल के साथ रहता था। दोनों भाइयों की पत्नियां पहले ही उन्हें छोड़कर अपने मायके चली गई थीं।

बताया गया कि बजारी मुर्गा लेकर घर पहुंचा और छोटे भाई अनिल से उसे पकाने के लिए कहा। अनिल ने तत्काल मुर्गा पकाने से इनकार करते हुए अगले दिन त्योहार पर पकाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद शुरू हो गया।

गुस्से में फावड़े से सिर पर किया वार

विवाद बढ़ने पर अनिल ने फावड़े से बजारी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बजारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बिछिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

ग्राम कोटवार प्रतापदास भासंत की सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

आरोपी को भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी अनिल मरकाम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने उसे 28 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post