दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्यप्रदेश कांग्रेस छात्रों और युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी की ओर से इंदौर में बड़े स्तर पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में होना बताया जा रहा है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, राहुल गांधी के दौरे, कार्यक्रम की तारीख और आयोजन स्थल को लेकर अंतिम निर्णय अभी बाकी है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर बैठक आयोजित की गई। इसमें केबी बायजु, सतनारायण पटेल, शोभा ओझा, विपिन वानखेड़े, चिंटू चौकसे, सदाशिव यादव, संजय कामले, रीना बोरासी समेत कई कांग्रेस नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन स्थल, छात्रों की भागीदारी और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। पार्टी नेताओं का फोकस कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने और अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ने पर है।
इंदौर को क्यों चुना गया?
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए इंदौर और जबलपुर के नाम सामने आए थे। फिलहाल इंदौर को प्राथमिकता दी गई है। इंदौर को प्रदेश का प्रमुख एजुकेशन हब माना जाता है और यहां बड़ी संख्या में कॉलेज व विश्वविद्यालय हैं। ऐसे में कांग्रेस को उम्मीद है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हो सकते हैं।
छात्रों और युवाओं के मुद्दे होंगे केंद्र में
कांग्रेस इस कार्यक्रम के जरिए छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है। साथ ही युवाओं के बीच पार्टी का संदेश पहुंचाने और उन्हें संगठन से जोड़ने पर भी जोर रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की एआईसीसी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम को लेकर प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है। अब इंदौर में होने वाली बैठकों और तैयारियों के बाद कार्यक्रम की तारीख, स्थल और राहुल गांधी की भागीदारी को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Tags
madhya pradesh
