दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। सितंबर की शुरुआत के साथ देश में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। इनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा के खर्च पर पड़ सकता है। कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं, मुंबई में थोक दूध ₹9 प्रति लीटर महंगा हुआ है, CNG-PNG की कीमतों में इजाफा हुआ है। इसके अलावा टाटा और हुंडई की कारें महंगी हो गई हैं, जबकि विदेश यात्रा करने वालों के लिए इमिग्रेशन प्रक्रिया आसान हुई है।
1. कमर्शियल गैस सिलेंडर ₹11.50 महंगा
तेल कंपनियों ने कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में ₹11.50 तक की बढ़ोतरी की है। वहीं 5 किलो का सिलेंडर ₹2 महंगा होकर ₹764 का हो गया है। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार की लागत बढ़ सकती है। इसका असर चाय-नाश्ते से लेकर शादी-पार्टी की कैटरिंग पर भी पड़ सकता है।
2. मुंबई में दूध ₹9 प्रति लीटर महंगा
मुंबई में बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने 1 सितंबर से थोक दूध की कीमत ₹93 से बढ़ाकर ₹102 प्रति लीटर कर दी है। नई दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी।
दूध महंगा होने का असर दही, पनीर, मिठाई और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। तमिलनाडु में एविन्स दूध के खरीद मूल्य में भी ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
3. e-KYC नहीं कराई तो LPG सब्सिडी पर असर
LPG सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए e-KYC की समयसीमा 31 अगस्त थी। जिन ग्राहकों ने अब तक बायोमेट्रिक e-KYC नहीं कराई है, उनकी सब्सिडी रुक सकती है और गैस लेने में परेशानी हो सकती है।
ऐसे ग्राहकों को जल्द से जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर e-KYC प्रक्रिया पूरी कराने की सलाह दी गई है।
4. विदेश जाने वालों के लिए बोर्डिंग पास पर स्टैम्प की जरूरत नहीं
1 सितंबर से भारत से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत खत्म कर दी गई है। अब प्रक्रिया डिजिटल होगी और यात्री फोन में ई-बोर्डिंग पास दिखा सकेंगे।
हालांकि पासपोर्ट, वीजा और सुरक्षा जांच से जुड़े नियम पहले की तरह लागू रहेंगे।
5. टाटा और हुंडई की कारें महंगी
टाटा मोटर्स ने अपनी गाड़ियों के अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट की कीमतों में ₹25 हजार तक की बढ़ोतरी की है। वहीं हुंडई मोटर इंडिया ने कीमतों में करीब 1% तक इजाफा किया है।
कंपनियों ने कच्चे माल की बढ़ती कीमत, ऑपरेटिंग कॉस्ट और महंगाई के दबाव को कीमत बढ़ाने की वजह बताया है। नई कार खरीदने से पहले ग्राहकों को नई प्राइस लिस्ट जरूर देखनी होगी।
6. मुंबई में CNG ₹2 और PNG ₹1 महंगी
महानगर गैस लिमिटेड ने 1 सितंबर की आधी रात से CNG की कीमत ₹2 प्रति किलो बढ़ाकर ₹88 प्रति किलो कर दी है। वहीं PNG के दाम में ₹1 प्रति SCM की बढ़ोतरी हुई है।
इसका असर मुंबई, ठाणे, रायगढ़ समेत आसपास के इलाकों में CNG वाहनों और PNG उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
7. ATF महंगा, हवाई टिकट बढ़ने का खतरा
देश में एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमत 5.46% बढ़कर ₹121.28 प्रति लीटर हो गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को इसके पीछे प्रमुख कारण बताया गया है।
एयरलाइंस के कुल ऑपरेटिंग खर्च में ईंधन की बड़ी हिस्सेदारी होती है। ऐसे में ATF महंगा होने का असर आने वाले दिनों में हवाई टिकटों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
Tags
national
