दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई इलाकों में भूस्खलन और मलबे से सड़कें बाधित हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ से 80 से ज्यादा कच्चे मकान ढह गए। मध्य प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और झारखंड में भी बारिश और बाढ़ से हालात प्रभावित हैं।
उत्तराखंड में बारिश बनी आफत, 11 लोगों की मौत
देहरादून में एक कार बरसाती नदी के तेज बहाव में बह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक लड़की को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अल्मोड़ा के उड़यूड़ा गांव में पहाड़ी से भारी मलबा एक घर में जा घुसा। हादसे के समय घर में सो रहे तीन लोगों की दबने से मौत हो गई। वहीं दीवार गिरने से दो नेपाली मजदूरों की भी जान चली गई।
नैनीताल के भीमताल में नाले के तेज बहाव में बहने से चार साल की बच्ची की मौत हो गई। उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के पास एक झील से अज्ञात व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ है।
केदारनाथ यात्रा फिर शुरू
केदार घाटी में बारिश के चलते रोकी गई केदारनाथ यात्रा फिर शुरू कर दी गई है। हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन और राहत दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बागेश्वर-गरुड़ मार्ग के रवाईखाल क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा आने के कारण सड़क बंद हो गई है। उत्तरकाशी में गंगोरी-ढोढीताल सड़क भी बह गई है, जिससे लोगों को जोखिम उठाकर पहाड़ी रास्तों से गुजरना पड़ रहा है।
चित्रकूट में बाढ़ से 80 से ज्यादा मकान गिरे
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर है। बाढ़ के कारण 80 से अधिक कच्चे मकान गिर गए। वहीं चंदौली में तेज बारिश के बाद वाटरफॉल में फंसे पर्यटकों को पुलिस और वन विभाग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
रायबरेली के ऊंचाहार में बारिश के कारण जलभराव होने से एनटीपीसी परियोजना की यूनिट नंबर-2 बंद हो गई। जिले में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत भी हुई है।
बिहार में पुल के ऊपर बह रहा पानी
बिहार के जहानाबाद में दरधा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। जाफरगंज पुल के ऊपर करीब दो फीट से ज्यादा पानी बह रहा है। मौसम विभाग ने पटना समेत 14 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और आकाशीय बिजली को लेकर भी चेतावनी दी गई है।
बेगूसराय में गंगा की बाढ़ से करीब 50 हजार लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।
MP में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में भी अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है। इस मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक औसत बारिश का करीब 74% पानी गिर चुका है। अगस्त में करीब 12 इंच बारिश हुई है। सितंबर में सामान्य बारिश का आंकड़ा पार करने के लिए करीब 9.6 इंच और बारिश की जरूरत बताई गई है।
सिंगरौली में देवसर-बरगवां मार्ग पर पुलिया पार करते समय बाइक सवार पति-पत्नी बाढ़ के पानी में बह गए।
10 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। झारखंड के गढ़वा, पलामू समेत सात जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में राहत-बचाव दलों को अलर्ट पर रखा है। लोगों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की गई है।
Tags
national
