दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के मुताबिक बीती रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि महेश भवन तलैया के पास एक व्यक्ति काले रंग की शर्ट और काली जींस पहने देशी कट्टा लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सागर उर्फ श्रेयांश यादव (27), निवासी चेरीताल, नई पुलिस चौकी के सामने, कोतवाली बताया।
तलाशी लेने पर उसकी कमर में दाहिनी तरफ देशी कट्टा और पेंट की दाहिनी जेब में दो कारतूस मिले। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अवैध कट्टा और कारतूस कहां से और किस तरह हासिल किए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पहले से मारपीट और चोरी सहित तीन अपराध दर्ज हैं। आरोपी को अवैध हथियार के साथ पकड़ने में प्रधान आरक्षक सुनील दुबे, आरक्षक दान सिंह और आरक्षक उमेश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
