Jabalpur News: चावल लोड ट्रक अचानक चला, सामने बैठे ड्राइवर को कुचला, मौके पर मौत; दीवार से टकराकर रुका ट्रक

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। फ्लाईओवर ब्रिज के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चावल से लदे ट्रक की चपेट में आने से चालक और मालिक शेख इसराइल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह ट्रक के सामने बैठकर आराम कर रहा था। अचानक ट्रक चल पड़ा और संभलने का मौका मिलने से पहले ही वह उसके नीचे आ गया। ट्रक आगे जाकर एक दीवार से टकराने के बाद रुका।

घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। शेख इसराइल हनुमानताल क्षेत्र का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक ट्रक में एफसीआई से करीब 22 टन चावल लोड किया गया था। इसे बाहर ले जाने की तैयारी थी। ट्रक खड़ा करने के बाद शेख इसराइल उसके सामने बैठकर आराम कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक चल पड़ा।

ट्रक के नीचे फंसा शव, पुलिस ने निकलवाया


हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मदनमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शेख इसराइल ट्रक के नीचे फंस गया था। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

ब्रेक फेल होने की आशंका

एएसपी आयुष जाखड़ के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में ट्रक के अचानक चल पड़ने की वजह ब्रेक फेल होना सामने आ रही है। हालांकि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। ट्रक आगे जाकर दीवार से टकराया, जिसके बाद वह रुक गया।

थाने में खड़ा कराया गया ट्रक


पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। ट्रक में शासकीय अनाज लोड होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने उसे मदनमहल थाने में खड़ा कराया है। साथ ही सड़क पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए भी पुलिस ने व्यवस्था की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post