दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट में प्रस्तावित हेलीपैड की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर मकान, डेयरी और खेती करने का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन ने सोमवार को पुलिस और नगर परिषद की टीम के साथ कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। मुक्त कराई गई जमीन की कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई गई है।
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गोरखपुर अनुराग सिंह के मुताबिक भेड़ाघाट की शासकीय भूमि खसरा नंबर 32 के अंश भाग पर अमीन खान ने कब्जा कर डेयरी संचालित कर रखी थी। प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमित संरचना और सामग्री हटाकर सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया।
सरकारी जमीन पर मकान बनाकर कर रहा था खेती
इसी कार्रवाई के दौरान गोपालपुर निवासी छोटा यादव द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। प्रशासन के अनुसार उसने सरकारी जमीन पर पक्का मकान बना लिया था और वहां कृषि कार्य भी किया जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक कब्जे वाली जमीन का अनुमानित मूल्य करीब 80 लाख रुपए है।
सुनवाई के बाद हुई कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में नियमानुसार सुनवाई की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर की गई।
पर्यटन को बढ़ावा देने बनेगा हेलीपैड
एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि नगर परिषद भेड़ाघाट की कब्जामुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर पर्यटन विभाग द्वारा हेलीपैड बनाने का प्रस्ताव है। हेलीपैड बनने से भेड़ाघाट में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और पर्यटकों की पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार गोरखपुर ललित ग्वालवंशी, नगर परिषद भेड़ाघाट के मुख्य नगर पालिका अधिकारी विक्रम झरिया सहित राजस्व, पुलिस और नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे।
Tags
jabalpur
