दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलहरी-तिलहरी रोड पर शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब डी मार्ट के समीप कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक युवक ने पास स्थित गहरे खंदारी नाले में छलांग लगा दी। नाले में कूदे युवक की पहचान अर्जुन के रूप में बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही गोराबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। हालांकि, रात में अंधेरा अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को नाले में युवक की तलाश करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और विवाद के कारणों का पता लगाने के साथ ही घटना के दौरान मौजूद अन्य युवकों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। युवक के नाले में छलांग लगाने के बाद से परिजन और स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद हैं।
Tags
jabalpur
