MP News: अस्पताल के अंदर BJP नेता ने दौड़ाई स्कूटी, गार्ड के रोकने के बाद भी नहीं माने; BMO बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) टीकमगढ़। खरगापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंदर भाजपा मंडल महामंत्री प्रशांत शुक्ला द्वारा स्कूटी चलाने का वीडियो सामने आया है। CCTV फुटेज में वे अस्पताल परिसर के अंदर रैंप पर स्कूटी चलाते नजर आ रहे हैं। स्कूटी पर एक अन्य युवक भी बैठा हुआ था। घटना 18 सितंबर की बताई जा रही है, जबकि इसका CCTV फुटेज 21 सितंबर को सामने आया।

अस्पताल के सुरक्षा गार्ड रवि के अनुसार, उन्होंने मुख्य गेट पर ही प्रशांत शुक्ला को ई-स्कूटी अंदर ले जाने से मना किया था। इसके बावजूद वे स्कूटी लेकर अस्पताल परिसर में चले गए। इसके बाद स्कूटी को मरीजों, बुजुर्गों और दिव्यांगों की आवाजाही के लिए बनाए गए रैंप से ऊपरी मंजिल तक ले जाया गया।

CCTV फुटेज में स्कूटी रैंप पर चलती दिखाई दे रही है। अस्पताल में इसी रैंप का इस्तेमाल मरीजों को व्हीलचेयर और स्ट्रेचर के जरिए लाने-ले जाने के लिए किया जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रैंप पर वाहन चलने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हो सकती थी और किसी तरह की दुर्घटना का खतरा भी पैदा हो सकता था।

मामले में खरगापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के BMO डॉ. अंकित त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी सामने आने के बाद जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रशांत शुक्ला ने अस्पताल प्रबंधन को लिखित माफीनामा दिया है।

BMO के अनुसार, प्रशांत शुक्ला ने बताया है कि स्कूटी पर पीछे बैठे युवक की तबीयत खराब थी और उसे अस्पताल पहुंचाने की जल्दबाजी में वाहन रैंप पर ले जाया गया। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में घटना की परिस्थितियां स्पष्ट होने के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post