MP News: 17 सितंबर से शुरू होगा भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, 68 हजार बूथों पर दीपोत्सव, 97 हजार आंगनवाड़ियों में ‘आंगन मिलन’; सीएम ने कहा- MP में बनेंगे 6 एक्सप्रेस-वे

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि अभियान के तहत सेवा गतिविधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यकाल में देश व मध्यप्रदेश में हुए बदलावों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।

68 हजार बूथों पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीप’

17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेश के करीब 68 हजार बूथों पर लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जाएगा। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले प्रमुख स्थानों पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।

स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’

सरकारी और निजी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम होंगे। इसमें चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना पर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

‘नमो सेवा अनकही कहानी’ के जरिए बताएंगे उपलब्धियां

अभियान के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानी’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन पर 10 से 15 मिनट की नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। इनका मंचन चौक-चौराहों और विभिन्न संस्थानों में किया जाएगा। वहीं 2 अक्टूबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।

97 हजार से ज्यादा आंगनवाड़ियों में ‘आंगन मिलन’

प्रदेश की 97 हजार से अधिक आंगनवाड़ियों में तीन दिन तक ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम होंगे। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का सम्मान किया जाएगा। बच्चों और माताओं को पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

11,400 शक्ति केंद्रों पर होगी ‘सेवा की कहानी’

‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम प्रदेश के करीब 11,400 शक्ति केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। छोटी-छोटी झांकियों और प्रस्तुतियों के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और देश में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

MP में बनेंगे 6 एक्सप्रेस-वे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मध्यप्रदेश में 6 एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पीथमपुर से मुंबई तक आठ लेन का एक्सप्रेस-वे तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुगम परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत का वैश्विक प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने भारत की आर्थिक विकास दर 7.8 प्रतिशत रहने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने सागर में अपराधी के एनकाउंटर और अपराधियों के मकान तोड़े जाने की कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वे शुक्रवार को इंदौर जाएंगे, जहां मध्यप्रदेश में सुगम परिवहन सेवा शुरू करने की दिशा में आयोजित कार्यशाला में शामिल होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post