दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में शुक्रवार को करीब 40 हजार बैंक कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बैनर तले आयोजित प्रदेशव्यापी हड़ताल के चलते भोपाल समेत प्रदेशभर की बैंक शाखाओं में ताले नहीं खुले। कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन कर हर शनिवार अवकाश और पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह (5-Day Week) लागू करने की मांग उठाई।
बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का सीधा असर बैंकिंग सेवाओं पर पड़ा। शाखाएं बंद रहने से चेक जमा करने, नकद लेन-देन और अन्य बैंकिंग कार्य प्रभावित हुए। चेक क्लियरेंस में भी देरी होने की संभावना है। हड़ताल शुक्रवार को एक दिन की है, लेकिन शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर इसका असर लगातार तीन दिन तक रहेगा।
बैंक यूनियनों की मांग है कि महीने के दूसरे और चौथे शनिवार की मौजूदा छुट्टी व्यवस्था को बदलकर हर शनिवार अवकाश घोषित किया जाए। इसके बदले सोमवार से शुक्रवार तक कर्मचारियों के दैनिक कामकाजी समय में करीब 40 मिनट की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।
PLI योजना वापस लेने की मांग
UFBU ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने के साथ ही स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू PLI (Performance Linked Incentive) योजना वापस लेने की मांग भी की है। यूनियनों का आरोप है कि यह योजना बैंक कर्मचारियों के बीच असमानता पैदा करती है और अधिकारियों के एक छोटे वर्ग को अधिक लाभ पहुंचाती है।
पेंशन और भर्ती समेत कई मुद्दे लंबित
यूनियनों के मुताबिक पेंशन अपडेशन, पेंशनभोगियों के एक्स-ग्रेशिया की समीक्षा, NPS को OPS में बदलने और सभी पेंशनभोगियों के लिए समान DA व्यवस्था जैसी मांगें भी लंबित हैं। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में क्लर्क, सब-स्टाफ और आर्म्ड गार्ड्स की भर्ती तथा ग्रेच्युटी सीमा बढ़ाने की मांग पर भी समाधान नहीं हुआ है।
यूनियन नेताओं का कहना है कि इन मुद्दों पर सरकार के साथ बातचीत हुई, लेकिन कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकलने के कारण हड़ताल का फैसला बरकरार रखा गया।
सितंबर में फिर पांच दिन प्रभावित हो सकती हैं बैंक सेवाएं
यूनियनों के कार्यक्रम के मुताबिक 26 और 27 सितंबर को शनिवार-रविवार का अवकाश रहेगा, जबकि 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती हैं।
Tags
madhya pradesh
