MP News: इंदौर में चलती कार में लगी आग, अंदर फंसा चालक; ट्रैफिक पुलिस ने कांच तोड़कर बचाई जान

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। चोइथराम इलाके में शनिवार दोपहर चलती कार में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण चालक कार के अंदर ही फंस गया और गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए कार का कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद गंभीर हालत में उसे लोडिंग वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार चोइथराम चौराहे पर ट्रैफिक थाना जोन-4 के टीआई सुमित बिलोनिया अपनी टीम के साथ यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान एक कार में अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने कुछ ही देर में कार को घेर लिया और चालक अंदर फंस गया। कार के सभी दरवाजे लॉक होने के कारण चालक बाहर नहीं निकल पा रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीआई सुमित बिलोनिया ने आरक्षक विजय, प्रधान आरक्षक कमल और एएसआई जेपी तिवारी की मदद से कार का कांच तोड़ा और चालक को बाहर निकाला।

लोडिंग वाहन में सीपीआर देते हुए अस्पताल पहुंचाया

चालक को बाहर निकालने के बाद उसकी हालत गंभीर दिखाई दी। ट्रैफिक पुलिस जवान उसे तत्काल लोडिंग रिक्शा में लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। रास्ते में पुलिस जवान उसे सीपीआर देते रहे। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने चालक के करीब 60 प्रतिशत झुलसने की जानकारी दी। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

घायल चालक की पहचान रुपेश पिता दुलीचंद यादव, निवासी गायत्री नगर के रूप में हुई है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

टीआई सुमित बिलोनिया के अनुसार कार पुरानी थी और प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। आग लगने के बाद कार के दरवाजे लॉक हो गए थे। दरवाजे खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिसकर्मियों ने कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला।

कार में आग लगने के कारण चोइथराम चौराहे के आसपास कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। ट्रैफिक पुलिस की तत्परता के चलते गंभीर रूप से घायल चालक को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।

Post a Comment

Previous Post Next Post