दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ररुआराय स्थित 33/11 केवी विद्युत सबस्टेशन पर शुक्रवार रात बदमाशों ने जमकर हंगामा किया। ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर के साथ मारपीट करने के बाद आरोपियों द्वारा चार राउंड हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप है। बदमाशों ने सबस्टेशन में लगे बिजली उपकरणों और जरूरी दस्तावेजों में तोड़फोड़ की तथा ऑपरेटर का मोबाइल फोन और 2,570 रुपए नकद ले गए।
विद्युत कंपनी ने घटना में करीब 3 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है। घटना के बाद सबस्टेशन से जुड़े पंप और आबादी फीडर बंद हैं। कनिष्ठ यंत्री इंदरगढ़ की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया गया कि बाह्य स्रोत कर्मचारी पारस गुर्जर की रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ड्यूटी थी।
शराब के नशे में पहुंचने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, रात करीब 12:45 बजे ग्राम उचिया निवासी नकुल कमरिया पिता बल्लू, आलोक कमरिया पिता जनवेद, अजय पाल, अरुण पटेल कमरिया, संदीप कमरिया पिता हाकिम समेत करीब चार अन्य लोग सबस्टेशन पहुंचे। आरोप है कि सभी शराब के नशे में थे। उन्होंने ऑपरेटर पारस गुर्जर के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चार राउंड हवाई फायरिंग भी की गई।
आरोपियों ने सबस्टेशन में लगे फीडरों की स्ट्रिप, बैटरी सेट, बैटरी चार्जर, परमिट बुक, लोड मेंटेनेंस बुक तथा पंप और आबादी फीडर के मीटर में तोड़फोड़ की। शिकायत में ऑपरेटर का मोबाइल फोन और 2,570 रुपए नकद भी ले जाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इंदरगढ़ थाना प्रभारी गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस को घटना से संबंधित शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Tags
madhya pradesh
