MP News: भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के नाम से बनी फेक फेसबुक ID, प्रशासन ने किया अलर्ट

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से लोगों को इस फेक प्रोफाइल से सावधान रहने की अपील की गई है।

फेसबुक पर ‘प्रियंक मिश्रा आईएस’ नाम से बनाई गई इस प्रोफाइल में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की तस्वीर लगी है। तस्वीर में उनके साथ एडीएम सुमित पांडेय और जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी भी नजर आ रही हैं।

जिला प्रशासन ने अपने ऑफिशियल अकाउंट से जारी संदेश में स्पष्ट किया कि यह प्रोफाइल फर्जी है। लोगों से अपील की गई है कि फेक आईडी को फॉलो या सब्सक्राइब न करें और उससे आने वाले किसी भी संदेश का जवाब न दें। प्रशासन ने संदिग्ध प्रोफाइल को तुरंत रिपोर्ट और ब्लॉक करने की सलाह भी दी है।

पूर्व कलेक्टर के नाम से भी हो चुकी है ठगी

भोपाल के पूर्व कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के नाम से भी करीब दो साल पहले इसी तरह फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी का मामला सामने आया था। ठगों ने कलेक्टर की फोटो लगाकर लोगों को संबल योजना की राशि दिलाने के नाम पर 3 हजार से 10 हजार रुपए तक की मांग की थी।

बताया गया था कि फंदा जनपद क्षेत्र के 2-3 लोगों ने ठगों के बताए बैंक खाते में 10 हजार रुपए तक ट्रांसफर भी कर दिए थे। मामला सामने आने के बाद तत्कालीन कलेक्टर को इसकी जानकारी दी गई थी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी अधिकारी के नाम से सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध संदेशों पर भरोसा न करें और किसी भी तरह का पैसा ट्रांसफर करने से पहले संबंधित कार्यालय से पुष्टि जरूर करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post