MP News: राहुल गांधी इंदौर पहुंचे, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हजारों युवा जुटे; पुलिस-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट से रेडिसन होटल जाते समय उनके स्वागत के लिए जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कई कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात नहीं कर सके। काफिले को सुरक्षा घेरे में आगे रवाना किया गया।

राहुल गांधी शाम करीब 5:30 बजे रीजनल पार्क के सामने स्थित IDA ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर सवाल-जवाब होंगे। कांग्रेस के अनुसार कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन हुए हैं।

कार्यक्रम स्थल पर दोपहर से ही हजारों युवा और छात्र पहुंचने लगे। डोम के अंदर 10 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने की जानकारी दी गई। कई युवा ‘RAGA’ लिखे चश्मे पहनकर पहुंचे, जबकि ग्वालियर से आई दिव्यांशी ‘आपसे प्यार है इसलिए इंदौर आए हैं’ लिखा पोस्टर लेकर पहुंचीं।

कार्यक्रम स्थल पर थीम सॉन्ग पर छात्राओं के डांस और युवाओं की नारेबाजी भी देखने को मिली। समर्थकों ने ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ और ‘घर-घर गांधी, राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के दौरान मंच पर पुलिस और वॉलंटियर्स के बीच भी धक्का-मुक्की हुई। बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और वॉलंटियर्स ने लोगों को सेफ्टी कॉरिडोर के जरिए बाहर निकाला।

राहुल गांधी के काफिले के कारण एमआर-10 चौराहे से विजय नगर तक ट्रैफिक प्रभावित हुआ। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं। इस दौरान एक एम्बुलेंस की रफ्तार भी धीमी हुई, हालांकि बाद में रास्ता खुलने पर वह निकल गई।

कार्यक्रम में पहुंचे युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। कुछ प्रतिभागियों ने राहुल गांधी के समर्थन में अपनी बात रखी, जबकि कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम को युवाओं की समस्याओं को मंच देने वाला आयोजन बताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post