जमुई में छात्रा से सड़क पर बदसलूकी: दोस्तों के साथ घूमने गई थी 10वीं की छात्रा, युवकों ने रोका और घसीटा; 3 नाबालिग हिरासत में

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) जमुई। बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ सड़क पर बदसलूकी का मामला सामने आया है। छात्रा शनिवार को कोचिंग के बाद अपने क्लासमेट के साथ स्कूटी से मड़वा पहाड़ घूमने गई थी। लौटते समय कुछ युवकों ने दोनों को रास्ते में रोक लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

वीडियो में कुछ युवक छात्रा को घेरकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। छात्रा को जबरन पकड़ने और सड़क पर घसीटने के भी दृश्य सामने आए हैं। वीडियो की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे सार्वजनिक रूप से दिखाना उचित नहीं है।

करीब 20 मिनट तक चला घटनाक्रम

जानकारी के मुताबिक, युवकों ने पहले छात्रा को रास्ते में रोककर उसका नाम और पता पूछा। इसके बाद उसके साथ मौजूद छात्र को अलग कर दिया गया। कुछ युवक छात्रा को घेरे रहे और उसके साथ अभद्रता की।

वीडियो में छात्रा हाथ जोड़कर युवकों से उसे छोड़ने की अपील करती नजर आती है। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर छात्रा को छुड़ाने की कोशिश भी की, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा युवकों ने उसे पकड़ लिया। घटनाक्रम करीब 20 मिनट तक चलने की बात सामने आई है।

पुलिस ने 3 नाबालिगों को पकड़ा

वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने स्वतः मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। उनकी उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दो अन्य युवकों की भी पहचान की गई है और उनकी तलाश जारी है।

जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि वायरल वीडियो और घटना के संबंध में नगर थाना में केस दर्ज किया गया है। पीड़ित छात्र-छात्रा और उनके परिवार की ओर से शुरुआत में पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित से संपर्क कर जानकारी जुटाई।

POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई

एडीजी (कानून-व्यवस्था) केएस अनुपम ने बताया कि मामले में POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। जांच के लिए एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में SIT गठित की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल आपत्तिजनक वीडियो को हटवाने की प्रक्रिया भी शुरू की है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो प्रसारित करने वाले कई लोगों और सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की गई है। उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

बिहार महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जमुई के डीएम से जानकारी ली है। आयोग की अध्यक्ष प्रो. अप्सरा मिश्रा के मुताबिक, मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है और उनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों एवं वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post