Jabalpur News: बरगी बांध के कल सुबह खुल सकते हैं 5 गेट, नर्मदा के घाटों पर 3 से 4 फीट बढ़ेगा जलस्तर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानी अवंती बाई लोधी सागर (बरगी बांध) के कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश और पानी की लगातार आवक को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। बांध में जल भराव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गुरुवार, 3 सितंबर 2026 की सुबह 11 बजे आवश्यकता पड़ने पर 5 जल द्वार औसतन 1.00 मीटर की ऊंचाई तक खोले जा सकते हैं।

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बुधवार (2 सितंबर) सुबह 8 बजे बरगी बांध का जलस्तर 421.85 मीटर दर्ज किया गया था, जो कि बांध की कुल जल भराव क्षमता का लगभग 93.33 प्रतिशत है। वर्तमान में बांध में 707 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और कैचमेंट एरिया से संभावित जल आवक को ध्यान में रखते हुए बांध के गेट खोलने का निर्णय लिया गया है।

कल सुबह यदि 5 गेट 1 मीटर तक खोले जाते हैं, तो बांध से लगभग 760 क्यूमेक जल की निकासी की जाएगी। इसके चलते निचले क्षेत्रों और नर्मदा नदी के प्रमुख घाटों पर जलस्तर में अचानक 3 से 4 फीट की वृद्धि होने की संभावना है।

प्रशासन ने नर्मदा किनारे बसे निचले इलाकों, तटीय गांवों और घाटों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। नागरिकों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे नर्मदा घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। नर्मदा के तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बांध नियंत्रण कक्ष के अनुसार, कैचमेंट एरिया में बारिश और वास्तविक जल आवक की स्थिति के आधार पर गेटों की संख्या और जल निकासी की मात्रा में बदलाव भी किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post