MP News: राहुल गांधी अब 19 सितंबर को आएंगे इंदौर, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का बदला स्थल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रस्तावित इंदौर दौरा अब 12 सितंबर की जगह 19 सितंबर को होगा। कार्यक्रम के लिए पहले नेहरू स्टेडियम का चयन किया गया था, लेकिन जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम का स्थल बदल दिया है। अब ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम रीजनल पार्क में आयोजित किया जाएगा।

नेहरू स्टेडियम में नहीं मिली अनुमति

कांग्रेस ने राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम की अनुमति मांगी थी। प्रशासन ने कोर्ट से जुड़े मामले का हवाला देते हुए स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम को दूसरे स्थान पर आयोजित करने का फैसला किया।

रीजनल पार्क में जुटेंगे छात्र और युवा

अब 19 सितंबर को रीजनल पार्क में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम होगा। कांग्रेस का फोकस बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने पर है। इस दौरान राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।

बारिश के चलते भी बढ़ी तैयारियों की चुनौती

कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाने के पीछे लगातार हो रही बारिश को भी एक वजह बताया जा रहा है। बारिश के कारण तैयारियों में आ रही दिक्कतों को देखते हुए कांग्रेस ने कार्यक्रम को एक सप्ताह आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। नई तारीख और नए स्थल के साथ कांग्रेस अब कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारियों में जुट गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post