Jabalpur News: दो दिन रेकी के बाद मकान पर बोला था धावा, 45 लाख के जेवरों के साथ महिला समेत 3 गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
पनागर थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 45 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 तोला सोने के जेवरात, चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त ऑटो, सब्बल और ऑटो का हुड बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक चौबे उर्फ गुड्डू (35), आशीष चौबे (36) और आशीष की पत्नी ज्योति चौबे (32), सभी निवासी ग्राम केवलारी, थाना पनागर शामिल हैं।

स्टेशन गए थे, पीछे से हो गई चोरी

पुलिस के अनुसार लमती निवासी गगन शर्मा ने 13 सितंबर 2026 को पनागर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह घर के सामने और अंदर ऊपर की ग्रिल के गेट पर ताला लगाकर पत्नी और बच्चों को इंदौर जाने वाली ट्रेन में बैठाने जबलपुर स्टेशन गए थे। इसके बाद वे अपने माता-पिता के कृषि उपज मंडी के पास स्थित फ्लैट में रुक गए।

अगली सुबह करीब 10 बजे पड़ोसी ने फोन कर बताया कि घर के सामने शटर का कुंदा टूटा हुआ है। घर पहुंचने पर शटर और अंदर किचन के पास लगे ग्रिल गेट का कुंदा टूटा मिला। दो आलमारियों के लॉक भी टूटे थे और सामान बिखरा हुआ था। लॉकर में रखे सोने के मंगलसूत्र, चूड़ियां, हार, झुमकी, टॉप्स, अंगूठियां, चेन, लॉकेट, ब्रेसलेट, हाथफूल समेत चांदी के जेवर गायब थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध ऑटो


घटना के बाद पुलिस टीम ने फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की मदद से घटनास्थल की जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान पनागर-जबलपुर मुख्य मार्ग पर एक नीले रंग का ऑटो संदिग्ध गतिविधियों के साथ दिखाई दिया। फुटेज में ऑटो रात करीब 1:04 बजे गगन शर्मा के घर के सामने रुकता और वहां टॉर्च की रोशनी दिखाई देती है। पुलिस के मुताबिक ऑटो पर 'कैप्री गोल्ड लोन' के विज्ञापन वाला हुड लगा था। जांच में पता चला कि ग्राम केवलारी निवासी आशीष चौबे इस ऑटो को चलाता है। पुलिस उसके घर पहुंची तो आशीष और उसका भाई अभिषेक फरार मिले।

अभिषेक चौबे के बिहार से लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। 

आशीष की पत्नी ज्योति से पूछताछ में उसने बताया कि चोरी के जेवरों में से एक-एक चेन आशीष और अभिषेक ले गए थे, जबकि बाकी जेवर घर में एक मटमैले झोले में छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने बाद में आशीष को उसकी बहन के घर के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आशीष ने बताया कि वह नशे का आदी है और उसने दो दिन तक सूने मकान की निगरानी की थी। घर में किसी की आवाजाही नहीं होने पर उसने अपने भाई अभिषेक के साथ ऑटो से पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद चोरी का सामान लेकर दोनों ऑटो से फरार हो गए।

45 लाख के जेवर समेत ऑटो और सब्बल जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घर में छिपाकर रखे सोने-चांदी के जेवर बरामद किए। इनमें मंगलसूत्र, हार, कंगन, चेन, झुमकी, कान की बालियां, सोने के टॉप्स, हाथफूल-ब्रेसलेट, लॉकेट, अंगूठियां, नाक की लौंग, गुरिया और अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की हाय, बिछिया, सिक्का, गणेश प्रतिमा, मूंगा माला, पीतल के लोटे और गिलास भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद सोने के जेवरों का वजन करीब 30 तोला है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपए है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त ऑटो, सब्बल और ऑटो का हुड भी जब्त किया गया है।

आशीष के खिलाफ पहले से 4 मामले

पुलिस के मुताबिक आरोपी आशीष चौबे के खिलाफ पहले से मारपीट, चोरी और एक्सीडेंट से संबंधित चार अपराध पंजीबद्ध हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post