Jabalpur News: रांझी में चार बदमाशों ने घर में तोड़फोड़ कर दो लोगों को चाकू से गोदा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक 62 वर्षीय व्यक्ति पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में घायल सुरेश कोल को डायल-112 की मदद से विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार सुरेश कोल, निवासी किशन होटल के पास काली मंदिर रांझी, ड्रायवरी का काम करता है। उसने बताया कि रात करीब 1 बजे घर में पुष्पलता कोल और उसका भतीजा अंशुल कोल मौजूद थे। पुष्पलता से किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद पुष्पलता का बेटा अनिकेत कोल अपने साथी साहिल कोल, शिवम कोल और रचित कोल के साथ घर पहुंचा।

आरोप है कि आरोपियों ने दरवाजे पर लात मारकर घर में प्रवेश किया और सुरेश के साथ गाली-गलौज करने लगे। अनिकेत ने पुष्पलता से विवाद करने की बात कहते हुए जान से खत्म करने की धमकी दी और चाकू से हमला कर सुरेश के पेट में चोट पहुंचाई। उसके साथियों ने भी चाकू और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर हाथ, पैर, सीना और जांघ में चोट पहुंचाई।

सुरेश को बचाने पहुंचे उसके भतीजे अंशुल कोल के साथ भी मारपीट की गई और चाकू से उसके बाएं पैर में चोट पहुंचाई गई। आरोपियों ने घर में रखे सामान में तोड़फोड़ करने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सुरेश की रिपोर्ट पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post