MP News: SC हॉस्टल की रसोई के आटा-चावल में मिले कीड़े, बेड पर बैठे मिले कुत्ते; तहसीलदार के औचक निरीक्षण में खुली अव्यवस्थाओं की पोल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। इंदरगढ़ के ग्वालियर रोड स्थित शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास में मंगलवार को औचक निरीक्षण के दौरान बदहाल व्यवस्थाएं सामने आईं। तहसीलदार दीपक यादव ने हॉस्टल का निरीक्षण किया, जहां रसोई में रखे आटा-चावल में कीड़े मिले। छात्रों के कमरों में पलंग पर कुत्ते बैठे दिखाई दिए, जबकि परिसर में जगह-जगह गंदगी मिली।

निरीक्षण के दौरान छात्रावास के अधीक्षक डीआर राहुल भी मौजूद नहीं थे। छात्रों ने बताया कि अधीक्षक कभी-कभार ही हॉस्टल आते हैं। छात्रों के मुताबिक 15 अगस्त के बाद से छात्रावास में खाना नहीं बना है। भोजन और अन्य सुविधाएं ठीक नहीं होने के कारण कई छात्र हॉस्टल में रहने के बजाय अपने घर चले जाते हैं।

50 सीटर हॉस्टल में अव्यवस्थाओं पर सवाल

यह छात्रावास 50 सीटर है। छात्रों ने भोजन और मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी शिकायतें कीं। अनाज में कीड़े मिलने और साफ-सफाई की स्थिति सामने आने के बाद हॉस्टल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

कलेक्टर को भेजी जाएगी जांच रिपोर्ट

तहसीलदार दीपक यादव ने बताया कि छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर ABVP की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में अधीक्षक अनुपस्थित मिले और हॉस्टल में कई अव्यवस्थाएं सामने आईं।

तहसीलदार के अनुसार, पूरे मामले का प्रतिवेदन तैयार कर दतिया कलेक्टर को कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जा सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post