MP में SI-सूबेदार के 507 पदों पर भर्ती, 9 सितंबर से आवेदन: 28 अक्टूबर से परीक्षा; जिला पुलिस बल में सबसे ज्यादा 312 वैकेंसी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कर्मचारी चयन मंडल ने सब इंस्पेक्टर (SI) और सूबेदार के 507 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू होकर 23 सितंबर तक चलेगी। आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 28 सितंबर तय की गई है।

भर्ती परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 से दो पालियों में आयोजित की जाएगी। कुल 507 पदों में सबसे ज्यादा 312 पद उप निरीक्षक (जिला पुलिस बल) के हैं। इसके अलावा 81 पद सूबेदार और 69 पद उप निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) के हैं। शेष पद आर्म्स, फोटो, फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी शाखाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं।

1.14 लाख रुपए तक मिलेगा वेतन

सूबेदार और सब इंस्पेक्टर दोनों कैडर के लिए लेवल-9 के तहत 36,200 से 1,14,800 रुपए प्रतिमाह का वेतनमान निर्धारित किया गया है। इसके अलावा शासन के नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों को अन्य भत्ते और सुविधाएं भी मिलेंगी।

आवेदन शुल्क 250 से 500 रुपए

अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क 500 रुपए निर्धारित किया गया है। वहीं मध्यप्रदेश के निवासी OBC, SC, ST और EWS उम्मीदवारों को 250 रुपए शुल्क देना होगा। कियोस्क के माध्यम से आवेदन करने पर 60 रुपए अतिरिक्त और MP ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने पर 20 रुपए पोर्टल शुल्क देना होगा।

विभागीय उम्मीदवारों के लिए अलग शुल्क निर्धारित है। अनारक्षित विभागीय उम्मीदवारों से 200 रुपए, जबकि SC, ST, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों से 100 रुपए परीक्षा शुल्क लिया जाएगा।

विशेष सशस्त्र बल SI पद के लिए केवल पुरुष पात्र

भर्ती नियमों के अनुसार उप निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल) के पद के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकेंगे। अन्य पदों पर महिला अभ्यर्थियों के लिए नियमानुसार आरक्षण का प्रावधान रहेगा।

आवेदन से पहले पात्रता जरूर जांचें

अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण श्रेणी, मूल निवास और आवश्यक दस्तावेजों की पात्रता जांचने की सलाह दी गई है। दस्तावेज सत्यापन के दौरान निर्धारित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आवेदन में गलत जानकारी देने या पात्रता संबंधी शर्तें पूरी नहीं होने पर किसी भी चरण में उम्मीदवारी निरस्त की जा सकती है।

महत्वपूर्ण तारीखें:

ऑनलाइन आवेदन शुरू: 9 सितंबर 2026

आवेदन की अंतिम तारीख: 23 सितंबर 2026

आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख: 28 सितंबर 2026

भर्ती परीक्षा शुरू: 28 अक्टूबर 2026

Post a Comment

Previous Post Next Post