दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। खजराना थाना पुलिस ने तीन तलाक के मामले में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह करीब डेढ़ साल से अपनी पत्नी को छोड़कर दूसरी महिला के साथ रह रहा था। पत्नी ने इसका विरोध किया और दोनों बेटियों की जिम्मेदारी उठाने की बात कही तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और कथित तौर पर तीन तलाक दे दिया।
खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव के मुताबिक, पीड़िता अमरीन की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति मोहम्मद इमरान, पिता इकबाल खान, निवासी ताज नगर के खिलाफ तीन तलाक और मारपीट की धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरी महिला के साथ रहने का विरोध किया था
पुलिस के अनुसार, अमरीन की दो बेटियां हैं। उसका पति करीब डेढ़ साल से एक अन्य महिला के साथ रह रहा था। आरोप है कि इस दौरान वह अपनी पत्नी को परेशान भी करता था।
22 जुलाई को इमरान घर आया था। इस दौरान अमरीन ने उससे दूसरी महिला के साथ रहने को लेकर बात की और कहा कि यदि वह अलग रह रहा है तो दोनों बेटियों की जिम्मेदारी भी उठाए और उनका खर्च दे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोप है कि इमरान ने अमरीन के साथ मारपीट कर दी।
इसके बाद आरोपी ने पत्नी को तीन तलाक देकर घर छोड़ दिया। परिजनों द्वारा समझाने की कोशिश के बाद भी इमरान ने कथित तौर पर कहा कि वह अपनी पत्नी को तीन तलाक दे चुका है और अब उसके साथ नहीं रह सकता। उसने पीड़िता को तीन तलाक संबंधी सूचना पत्र भी भेजा।
इसके बाद अमरीन अपने परिजनों के साथ खजराना थाने पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
Tags
madhya pradesh
