दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8% GDP ग्रोथ पर देशवासियों को बधाई देते हुए इसे उनकी इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक ताकत का परिणाम बताया। मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने एक बार फिर लोगों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की।
पीएम मोदी ने कहा कि अगर सोने की जरूरत नहीं है तो इसे नहीं खरीदना चाहिए। इससे पहले 10 मई को भी उन्होंने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी।
‘झूठ की गूंज’ से माहौल खराब करने का आरोप
पीएम मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि देश में कुछ लोग निराशा फैलाने और ‘झूठ की गूंज’ के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इन चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8% की विकास दर हासिल की है। उन्होंने कहा कि देश को इसी रफ्तार को बनाए रखते हुए विकास की गति और तेज करनी होगी।
विदेश यात्रा और विदेशी शादियों से बचने की अपील
प्रधानमंत्री ने लोगों से विदेश में घूमने के लिए यात्राएं करने और विदेश में शादी करने से बचने की अपील की। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि जितना अधिक स्वदेशी को बढ़ावा दिया जाएगा, भारत उतनी ही मजबूती से आगे बढ़ेगा।
उन्होंने भरोसा जताया कि भारत की आजादी के 100 साल पूरे होने तक देश की युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपा जाएगा।
सोने के आयात से रुपए पर पड़ता है दबाव
भारत अपनी जरूरत का करीब 99% सोना विदेशों से आयात करता है। 2025-26 में सोने का आयात बिल करीब 6.4 लाख करोड़ रुपए रहा। विदेश से सोना खरीदने के लिए डॉलर में भुगतान करना पड़ता है। ऐसे में सोने का आयात कम होने पर डॉलर की मांग घटती है और रुपए पर दबाव कम होने से उसे मजबूती मिल सकती है।
रुपया मजबूत होने पर कच्चे तेल और दूसरी जरूरी आयातित वस्तुओं की लागत कम हो सकती है, जिससे महंगाई को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
कम सोना खरीदा, फिर भी आयात बिल बढ़ा
2025-26 में भारत ने पिछले कारोबारी साल की तुलना में करीब 4.76% कम सोना खरीदा, लेकिन सोने के आयात बिल में लगभग 24% की बढ़ोतरी हुई। इसकी बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में तेज उछाल रही।
जानकारों के मुताबिक, फिजिकल गोल्ड की जगह गोल्ड ETF जैसे विकल्पों पर भी निवेशक विचार कर सकते हैं। इसमें सोने को घर या लॉकर में रखने की जरूरत नहीं होती और चोरी या लॉकर के खर्च जैसी चिंताएं भी कम रहती हैं।
Tags
national
