Jabalpur News: कुख्यात बदमाश ‘चूहा’ पिंजड़े में बंद, पुलिस ने निकाला जुलूस; हत्या के प्रयास में था फरार, 25 से ज्यादा अपराध दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अधारताल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश विवेक उर्फ चूहा पांडे को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला।

कट्टे की बट से किया था जानलेवा हमला

अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के मुताबिक, आरोपी विवेक उर्फ चूहा पांडे के खिलाफ थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। आरोप है कि उसने क्षेत्र के निखिल रजक पर देसी कट्टे की बट से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया था। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उसके आपराधिक रिकॉर्ड और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

25 से 26 आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, विवेक उर्फ चूहा पांडे को क्षेत्र में कुख्यात अपराधी के रूप में जाना जाता है। उसके खिलाफ अधारताल सहित आसपास के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े करीब 25 से 26 मामले दर्ज हैं। आरोपी के चलते क्षेत्र में लोगों के बीच उसका खौफ बताया जाता है।

मुखबिर की सूचना पर आनंद नगर के पास दबोचा

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश आनंद नगर-कटरा क्षेत्र के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही अधारताल पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post