दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक कमला पटेल को पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने अस्थायी रूप से पुलिस लाइन जबलपुर पदस्थ कर दिया है। इस संबंध में 23 सितंबर की देर रात आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के मुताबिक प्रधान आरक्षक क्रमांक 2130 कमला पटेल, थाना कोतवाली जबलपुर को अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक पुलिस लाइन जबलपुर पदस्थ किया जाता है।
बताया जा रहा है कि रविवार को एक रियल एस्टेट कारोबारी की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने एक महिला को होटल से करीब ढाई लाख रुपए की रकम के साथ पकड़ा था। कारोबारी ने महिला पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था।
शिकायत के अनुसार, महिला पर ग्वारीघाट निवासी सार्थक सिंह को हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का आरोप था। इस मामले में शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को पकड़ा था।
Tags
jabalpur
