दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने प्रदेश के इंटर्न डॉक्टरों की लंबित मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान किया है। JDA के निर्णय के अनुसार 9 सितंबर से रेजिडेंट डॉक्टर नियमित OPD और इलेक्टिव OT सेवाओं का बहिष्कार करेंगे।
भोपाल में लाठीचार्ज के बाद बढ़ा रोष
JDA पदाधिकारियों के मुताबिक इंटर्न डॉक्टरों की मांगों को लेकर शासन की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। वहीं, भोपाल में मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे युवा डॉक्टरों पर पुलिस द्वारा वॉटर कैनन और लाठीचार्ज किए जाने से चिकित्सा समुदाय में नाराजगी बढ़ गई है।
इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी चालू
आंदोलन के दौरान मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाएं जारी रखने का निर्णय लिया गया है। JDA का कहना है कि गंभीर मरीजों के इलाज में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
JDA अध्यक्ष डॉ. दीपक त्रिपाठी ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य मरीजों को परेशान करना नहीं, बल्कि युवा डॉक्टरों की जायज मांगों को शासन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर ठोस और संतोषजनक निर्णय नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा।
सरकार से तत्काल संवाद की अपील
JDA जबलपुर ने राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों से तत्काल सकारात्मक पहल करने और डॉक्टरों के साथ सार्थक संवाद कर समस्या का समाधान निकालने की अपील की है। आंदोलन के निर्णय में JDA अध्यक्ष डॉ. दीपक त्रिपाठी, उपाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर पाण्डेय, डॉ. पारसिंह, डॉ. खुशी राम, महासचिव डॉ. राजेन्द्र, यूजी प्रतिनिधि डॉ. प्रज्ज्वल तिवारी, डॉ. शोभित तिवारी और डॉ. नीतेश नागर सहित कार्यकारिणी सदस्यों की सहमति शामिल है।
Tags
Jabalpur
