Jabalpur News: लावारिस कार से 1.5 लाख की शराब जब्त, रांझी से पकड़ाया फरार चालक

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुण्डम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध बलेनो कार से 35 पेटी में रखी 1,750 पाव देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने कार के फरार चालक को रांझी से गिरफ्तार कर लिया है।

कुण्डम थाना प्रभारी सतीश कुमार अंधवान के मुताबिक, पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान समनापुर गांव के कच्चे रास्ते पर कुएं के पास बलेनो कार क्रमांक MP 20 XG 3474 संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। आसपास तलाश करने पर कार का चालक नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के जरिए कार को टोचन कराकर थाने लाया गया।

पुलिस ने कार की जांच की तो अंदर खाकी रंग के कई कार्टून मिले। वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस ने उसके मालिक से संपर्क किया। मालिक ने बताया कि कार किराए पर चलाने के लिए दी गई थी। इसके बाद पुलिस को चालक के संबंध में जानकारी मिली।

जानकारी के आधार पर कुण्डम पुलिस ने रांझी के मड़ई स्थित कोलियाना मोहल्ले में दबिश देकर चालक अनुष कोल, पिता सुरेश कोल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को थाने लाकर कार की चाबी से डिग्गी और वाहन के अंदर की दोबारा तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 35 पेटी देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ बलेनो कार को भी जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी अनुष कोल के खिलाफ आबकारी अधिनियम और बीएनएस की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

Post a Comment

Previous Post Next Post