दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में देर रात एक मजदूर के घर पर ईंट-पत्थर और सुअरमार बम फेंकने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार, गोपाल होटल घमापुर निवासी 45 वर्षीय रामकुमार बेन ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान घर में ईंट-पत्थर फेंके जाने की आवाज सुनाई दी। इसके कुछ देर बाद बम फटने की आवाज आई। रामकुमार ने खिड़की से बाहर देखा तो शनि रजक, मनी रजक, चिन्ना और अभिषेक घर पर ईंट-पत्थर और सुअरमार बम फेंकते हुए दिखाई दिए।
इसके बाद चारों मौके से भाग गए। घटना के बाद घर के सामने बम के अवशेष भी मिले। शिकायतकर्ता के अनुसार, पड़ोसी धीरज गौड़ के घर के बाजू की दीवार पर भी सुअरमार बम फेंके गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 3 और 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
Tags
jabalpur
