दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मैहर। ताला थाना क्षेत्र के बिगौड़ी गांव में 35 वर्षीय आदिवासी युवक भैयालाल उर्फ भैय्यन रावत की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते भैयालाल को शराब पिलाने के बहाने बुलाया और मारपीट के बाद गला दबाकर उसे कुएं में फेंक दिया।
घटना 16 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मुकेश रावत ने अपने चचेरे भाई भैयालाल को कुएं के पास अफसर खान, इस्माइल उर्फ पप्पू खान और अजमेर खान के साथ देखा था। इसी दौरान वहां मारपीट की जा रही थी। शोर सुनकर राजेश रावत और राकेश रावत मौके पर पहुंचे और भैयालाल को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने भैयालाल को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ बुलाया था।
पुलिस ने ताला थाने में अपराध क्रमांक 304/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) में मामला दर्ज किया है।
कुएं से मिला आरोपी का मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान आरोपी अफसर खान का मोबाइल फोन भी कुएं में गिर गया था। मोबाइल बरामद करने के लिए कुएं में मोटर लगाकर पानी बाहर निकाला गया, जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल बरामद कर लिया। पुलिस इसे जांच में अहम साक्ष्य मान रही है।
तीनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने मामले में अफसर खान (35), इस्माइल उर्फ पप्पू खान (49) और अजमेर खान (35) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी ताला थाना क्षेत्र के बदरखा गांव के रहने वाले हैं। शुक्रवार शाम तीनों को सतना स्थित विशेष अनुसूचित जाति एवं जनजाति न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Tags
madhya pradesh
