Jabalpur News: हर मदिरा दुकान पर रेट लिस्ट और क्यूआर कोड लगाना अनिवार्य करें, अधिक कीमत पर शराब बेचने और अवैध विक्रय की शिकायतों पर होगी कार्रवाई

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
जिले में मदिरा दुकानों पर शराब के निर्धारित विक्रय मूल्य और अन्य जरूरी जानकारी उपभोक्ताओं को स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने आबकारी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले की प्रत्येक मदिरा दुकान पर रेट लिस्ट और क्यूआर कोड लगाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागीय कामकाज की विस्तार से समीक्षा की।

कलेक्टर सिंह ने मदिरा दुकानों पर रेट लिस्ट और क्यूआर कोड लगाए जाने की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने कहा कि दुकानों पर निर्धारित विक्रय मूल्य की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को शराब की कीमत को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर मदिरा बेचे जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अवैध शराब बिक्री पर कठोर कार्रवाई के निर्देश

बैठक में कलेक्टर ने जिले में शराब के अवैध विक्रय से संबंधित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध शराब की बिक्री और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने के मामलों में कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका प्रभाव मैदानी स्तर पर भी दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस संबंध में शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि आबकारी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अहातों पर कार्रवाई और पेनाल्टी की भी समीक्षा

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शराब दुकानों के समीप संचालित अहातों के संबंध में की गई कार्रवाई की भी जानकारी ली। उन्होंने इस वर्ष आरोपित की गई पेनाल्टी और जमा की गई राशि का ब्यौरा भी अधिकारियों से प्राप्त किया। अधिकारियों से कहा गया कि आबकारी नियमों के पालन को लेकर लगातार निगरानी रखी जाए और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का भी लिया जायजा

बैठक में कलेक्टर ने आबकारी विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की परिक्षेत्रवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए न किया जाए, बल्कि शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान करते हुए आवेदक की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता और गंभीरता बरती जाए तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में समाधान किया जाए।

बैठक में अपर कलेक्टर रविशंकर राय, अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह और सहायक आबकारी आयुक्त संजीव कुमार दुबे सहित आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post