Jabalpur News: बरगी बांध 93% भरा, आज खोले गए 5 गेट; नर्मदा घाटों पर अलर्ट

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मंडला, डिंडौरी और अमरकंटक क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते बरगी बांध का जलस्तर बढ़कर 421.85 मीटर और जलभराव 93.33 प्रतिशत पहुंच गया है। पानी की लगातार आवक को देखते हुए गुरुवार सुबह 11 बजे बांध के पांच गेट करीब एक-एक मीटर तक खोले गए। इनसे करीब 760 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है।

बरगी बांध प्रबंधन और जिला प्रशासन ने गेट खोलने से पहले नर्मदा घाटों और आसपास के निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है। प्रबंधन के मुताबिक पानी छोड़े जाने से नर्मदा के घाटों पर जलस्तर करीब 3 से 4 फीट तक बढ़ सकता है।

707 क्यूमेक पानी की आवक

बांध प्रबंधन के अनुसार 2 सितंबर की सुबह 8 बजे बांध में करीब 707 क्यूमेक पानी की आवक दर्ज की गई थी। बारिश, मौसम के पूर्वानुमान और संभावित जल आवक को देखते हुए पांच जलद्वार खोले गए हैं।

प्रबंधन ने बताया कि वास्तविक जल आवक और बांध के जलस्तर के आधार पर पानी की निकासी की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है। लोगों से नर्मदा घाटों और निचले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post