MP News: दतिया में चोरी का सामान बेचने निकले दो आरोपी गिरफ्तार, बाजार में निकाला जुलूस

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। भांडेर में पुलिस ने चोरी का सामान बेचने की फिराक में घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बाईपास सरसई तिराहे पर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से पानी की मोटर, पंखे, कॉपर वायर और मोटर के तार समेत अन्य सामान बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 12 अगस्त को बागपुरा निवासी जितेंद्र कुशवाहा की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान 1 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी का सामान बेचने के लिए रामगढ़ रोड से बाईपास सरसई तिराहे पर पहुंचे हैं और ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।

पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी

सूचना मिलते ही भांडेर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान आजाद उर्फ भूरे (26) और निक्कू खान (24) के रूप में हुई। दोनों काजीपाठा मोहल्ला, भांडेर के रहने वाले हैं।

कॉपर वायर और पानी की मोटर बरामद

पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से कॉपर तार, पंखे, पानी की मोटरों के तार, खाली मोटर सहित अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया और दोनों आरोपियों से चोरी की वारदात को लेकर पूछताछ की।

कोर्ट ने दोनों को भेजा जेल

पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेजने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का भांडेर बाजार में जुलूस भी निकाला। पुलिस अब मामले में बरामद सामान के संबंध में आगे जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post