MP News: होटल में बिल नहीं दिया तो खुला फर्जी IAS का राज, इंदौर में गुजरात का युवक गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में खुद को जिला कलेक्टर बताकर लोगों को गुमराह करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती निवासी हिमांशु पांचाल (28) के रूप में हुई है। वह इंदौर की ओमैक्स सिटी-1 स्थित शुभ आंगन प्रीमियम कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, हिमांशु इंदौर के होटल शेरेटन में खाना खाने पहुंचा था। खाना खाने के बाद जब बिल चुकाने की बारी आई तो उसने कहा कि उसके पास फिलहाल पैसे नहीं हैं और उसका PA करीब दो घंटे में आकर होटल का भुगतान कर देगा। आरोपी ने होटल की सर्विस बुक में ‘राज सोनी’ नाम भी दर्ज किया।

होटल प्रबंधन को उसकी बात पर शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। पूछताछ के दौरान युवक ने खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताया, लेकिन पुलिस के सवालों का वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जांच में उसकी असली पहचान हिमांशु पांचाल के रूप में सामने आई।

घर के बाहर लगा रखी थी फर्जी नेमप्लेट

पुलिस ने आरोपी के किराए के मकान की तलाशी ली तो वहां भी फर्जी पहचान से जुड़े सबूत मिले। मकान के बाहर काले रंग की नेमप्लेट लगी थी, जिस पर ‘IAS राज सोनी, जिला कलेक्टर’ लिखा हुआ था। घर के अंदर ‘सत्यमेव जयते’ लिखा फोटो फ्रेम भी रखा था।

पुलिस के अनुसार, हिमांशु करीब एक महीने पहले इंदौर में रहने आया था और लगभग 15 दिन पहले उसने मकान के बाहर फर्जी नेमप्लेट लगाई थी। इससे पहले वह अहमदाबाद की एक IT कंपनी में काम करता था।

गुजरात में भी दर्ज है धोखाधड़ी का केस

होटल प्रबंधन की शिकायत और जांच के बाद लसूडिया पुलिस ने हिमांशु पांचाल के खिलाफ BNS की धारा 204 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गुजरात के गांधीनगर स्थित अडालज थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। यह केस 23 मई 2026 को FIR नंबर 441/2026 के तहत दर्ज किया गया था।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हिमांशु ने IAS और जिला कलेक्टर की फर्जी पहचान क्यों बनाई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस फर्जी पहचान के जरिए उसने किसी से पैसे या अन्य लाभ तो नहीं लिया और उसने अब तक कितने लोगों को अपनी पहचान बताकर प्रभावित किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post