दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर कहर बरपा रहा है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश के कारण बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। उत्तराखंड में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में मंगलवार को 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 172 सड़कें बंद हैं। नैनी झील का जलस्तर 88 फीट पार होने के बाद अतिरिक्त पानी निकालने के लिए चैनल खोल दिए गए हैं।
उत्तराखंड में भारी बारिश, 12 लोगों की मौत
उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पांच जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। रामनगर में तेज बहाव के कारण एक टेंपो बह गया। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
बिहार में गंगा उफान पर, बाढ़ का खतरा
बिहार में गंगा, पुनपुन समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पटना समेत 31 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। भागलपुर में कटाव के चलते करीब 100 साल पुराना दुर्गा मंदिर गंगा में समा गया। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से 5 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
MP के चित्रकूट में 400 दुकानें डूबीं
मध्य प्रदेश के चित्रकूट में 36 घंटे से जारी तेज बारिश के कारण मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से करीब 4 मीटर ऊपर बह रही है। रामघाट और आसपास के इलाकों में पानी भरने से करीब 400 दुकानें और 20-25 होटल प्रभावित हुए हैं। रामघाट-नयागांव पुल को भी नुकसान पहुंचा है। राहत और बचाव कार्य के लिए SDRF, NDRF और सेना की टीमें तैनात की गई हैं। सतना और चित्रकूट में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है।
यूपी में सड़क धंसी, एक्सप्रेसवे में 7 फीट गहरा गड्ढा
उत्तर प्रदेश में भी बारिश से हालात खराब हैं। सीतापुर में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई, जबकि गाजीपुर में गंगा में नहाते समय दो नाबालिग बह गईं। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर करीब 7 फीट गहरा गड्ढा हो गया। इस मानसून में एक्सप्रेसवे धंसने की यह दूसरी घटना बताई गई है।
लखनऊ में भी बारिश के दौरान सड़क धंसने से करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया, जिसमें बाइक सवार गिरकर घायल हो गया। शहर के कई इलाकों में दो फीट तक पानी भर गया है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में रेड अलर्ट, झारखंड में स्कूल बंद
दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम जिले को छोड़कर बाकी हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं चलने का अनुमान है।
झारखंड के पलामू, गढ़वा और लातेहार में फ्लैश फ्लड की चेतावनी के बीच स्कूल बंद रहे। IMD ने राज्य के 10 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है।
हिमाचल में मानसून से अब तक 259 मौतें
हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक 259 लोगों की मौत हो चुकी है। 30 जून से 1 सितंबर के बीच राज्य में सरकारी और निजी संपत्तियों को 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
3-4 सितंबर को भी भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 3 सितंबर को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में तेज बारिश की संभावना है।
4 सितंबर को मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा बिहार, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, सिक्किम और उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है।
Tags
national
