दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जमीन से जुड़े मामलों में करीब 2 करोड़ 44 लाख रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को बरेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना बरेला में धोखाधड़ी के 7 प्रकरण, जबकि थाना गोरखपुर में 1 प्रकरण दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक जीएसके मेंबर कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोपराइटर रमनीत सिंह सेठी (49) के खिलाफ अपराध दर्ज होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिरों को सक्रिय किया था।
इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि रमनीत सिंह सेठी प्रीत बिहार कॉलोनी, साईं मंदिर के पास, नर्मदा रोड, थाना गोरखपुर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार 7 सितंबर 2026 को मौके पर दबिश देकर आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी को थाना बरेला में दर्ज अपराध क्रमांक 23/26, 24/26, 29/26, 30/26, 31/26, 144/26 और 517/26 तथा थाना गोरखपुर के अपराध क्रमांक 158/26 में विधिवत गिरफ्तार किया। इनमें धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी बरेला संगीता सिंह, उप निरीक्षक केपी झारिया, उप निरीक्षक शशिकला उईके, सहायक उप निरीक्षक मुकेश पठारिया तथा आरक्षक अविनाश और रवि शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
Jabalpur
