दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना हनुमानताल क्षेत्र में मामूली विवाद पर दो युवकों पर बके और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में घायल युवकों को पुलिस द्वारा उपचार हेतु विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देर रात मारपीट में घायल रिहान और मोहम्मद जुनैल (20 वर्ष) थाना हनुमानताल पहुंचे। आजाद नगर मोहरिया निवासी कारपेंटर मोहम्मद जुनैल ने बताया कि बीती रात लगभग 11 बजे वह अपने खाला के लड़के रिहान के साथ मोटरसाइकिल से नई बस्ती गोहलपुर जा रहा था।
चारखंभा चौगड्डा के पास रुकने के बाद जब वे बाइक बैक कर रहे थे, तभी वहां खड़े तनवीर उर्फ नौशाद को बाइक का हल्का धक्का लग गया। इसी बात को लेकर तनवीर गाली-गलौज करने लगा। जब जुनैल और रिहान ने गाली देने से मना किया, तो तनवीर और उसका भाई सोहेल आक्रामक हो गए।
विवाद बढ़ने पर तनवीर उर्फ नौशाद ने जान से मारने की नियत से बके से हमला कर रिहान के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। वहीं सोहेल ने चाकू से वार कर जुनैल के गाल (आंख के नीचे) पर चोट पहुंचा दी।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष हनुमानताल थाने पहुंचा, जहां से उन्हें तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया ले जाया गया। रिहान को सिर में अधिक चोटें होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
हनुमानताल पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी तनवीर उर्फ नौशाद और सोहेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 296(बी) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है।
Tags
jabalpur
