Jabalpur News: स्कूल छात्रों की दबंगई, दो नाबालिगों को पहाड़ी पर बुलाकर पीटा, अर्धनग्न कर बेल्ट से मारने का VIDEO वायरल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में स्कूल छात्रों के बीच वर्चस्व को लेकर दो नाबालिग छात्रों से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ सीनियर छात्रों ने दोनों जूनियर छात्रों को फोन कर सिद्ध बाबा पहाड़ी पर बुलाया और वहां लात-घूंसों के साथ बेल्ट से मारपीट की। घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घमापुर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।

वायरल वीडियो में कुछ लड़के एक नाबालिग छात्र के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में छात्र को अर्धनग्न कर बेल्ट से पीटने और दूसरे में उसके बाल पकड़कर घसीटने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में पीड़ित छात्र हाथ जोड़कर माफी मांगता और खुद को बचाने की गुहार लगाता नजर आ रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मारपीट करने वाले और पीड़ित छात्र निजी स्कूल में पढ़ते हैं। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने स्कूल में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए दोनों नाबालिगों को पहाड़ी पर बुलाया था। वहां उनके साथ मारपीट की गई और घटना का वीडियो भी बनाया गया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय


वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के मुताबिक, मारपीट का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पीड़ित छात्र की ओर से शिकायत मिलने की जानकारी नहीं है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post