दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की दतिया में राजनीतिक सक्रियता रविवार को एक बार फिर देखने को मिली। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान दतिया से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों, धीरपुरा, इंदरगढ़, थरेट और भऊआपुरा तक कई स्थानों पर उनका स्वागत किया गया।
यात्रा की शुरुआत दतिया से करीब 500 फोर व्हीलर वाहनों के काफिले के साथ हुई। काफिले में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। रास्तेभर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के समर्थन में नारे लगाए गए।
इंदरगढ़ में भी नरोत्तम मिश्रा का कई जगह स्वागत किया गया। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान कुछ स्थानीय भाजपा नेताओं और उनके समर्थकों की गैरमौजूदगी राजनीतिक चर्चा का विषय रही। पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र भदौलिया और उनके समर्थकों के अलावा नगर परिषद अध्यक्ष रामस्वरूप मंडलीय, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामलखन सिंह गुर्जर सहित कुछ कार्यकर्ता कार्यक्रम से दूरी बनाए नजर आए।
वहीं, आशुतोष तिवारी समर्थकों की मौजूदगी नहीं होने की भी स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच इन नेताओं और समर्थकों की अनुपस्थिति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की चुनाव के बाद दतिया में लगातार बढ़ती सार्वजनिक सक्रियता और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मौजूदगी को स्थानीय राजनीति के नजरिए से देखा जा रहा है। रविवार को निकले बड़े काफिले और विभिन्न स्थानों पर हुए स्वागत के बाद दतिया की स्थानीय राजनीति में उनके आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
Tags
madhya pradesh
