Jabalpur News: अनियंत्रित ट्रैक्टर ने पैदल जा रहे युवक को रौंदा, इलाज के दौरान मौत; चालक फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
पनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छतरपुर के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पनागर से बिछुआ की ओर पैदल जा रहे 32 वर्षीय भगवानदास सेन को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल पहुंचने पर इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छतरपुर बिछुआ निवासी रवि शंकर सेन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई भगवानदास सेन, जो पेशे से सैलून चलाता था, मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे छतरपुर से पैदल अपने गांव बिछुआ लौट रहा था। उसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि भगवानदास के सीने और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पनागर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना के बाद से फरार चल रहे ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post