Jabalpur News: आउट ऑफ सिलेबस पेपर को लेकर RDVV में हंगामा, छात्रों ने परीक्षा छोड़ी; कुलगुरु निवास के बाहर धरना

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) में एक बार फिर परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों का आक्रोश सामने आया है। निर्धारित समयावधि से करीब 120 दिन देरी से हो रही बीए एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर की हिंदी परीक्षा में आउट ऑफ सिलेबस सवाल पूछे जाने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने जमकर हंगामा किया।

सुबह 7 बजे से शुरू हुई परीक्षा में प्रश्नपत्र मिलते ही छात्र असमंजस में पड़ गए। छात्रों का आरोप है कि उन्होंने निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन प्रश्नपत्र में ऐसे सवाल पूछे गए जो सिलेबस से बाहर थे। इससे नाराज कई छात्र परीक्षा बीच में ही छोड़कर बाहर निकल आए।

इसके बाद छात्र सीधे कुलगुरु निवास पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया। करीब 10 बजे तक छात्र कुलगुरु निवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करते रहे।

छात्रों का कहना है कि परीक्षा पहले ही करीब 120 दिन की देरी से आयोजित की जा रही है। ऐसे में आउट ऑफ सिलेबस प्रश्न पूछे जाने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। छात्रों ने मांग की है कि विवादित प्रश्नपत्र को निरस्त कर दोबारा परीक्षा आयोजित की जाए।

छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था में हुई लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post