Jabalpur News: रात के अंधेरे में बुजुर्ग को थप्पड़ मारकर लूटी थी अंगूठी और नगदी, पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों शातिर लुटेरे

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में रात के समय वृद्ध से मारपीट कर सोने की डायमंड जड़ित अंगूठी और नगदी लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की अंगूठी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार घड़ी चौक, विजयनगर निवासी प्रदीप कुमार नेमा (63) ने 10 सितंबर 2026 की रात माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई की रात करीब 12:45 बजे वे चुंगी नाका से काली मंदिर रोड होते हुए पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में सड़क पर लगे पोल के पास तीन युवक उनके सामने से निकलकर कुछ दूर चले गए।

इसके कुछ देर बाद दो युवक वापस आए और प्रदीप कुमार को पकड़कर थप्पड़ मारते हुए मारपीट करने लगे। आरोपियों में से एक ने उनके हाथ की उंगली में पहनी सोने की अंगूठी निकाल ली और जेब में रखे 400 रुपए भी छीनकर दोनों मौके से फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 777/26 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 309(6) के तहत मामला जांच में लिया।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए पुलिस ने नंदू उर्फ शिव कुमार (30), निवासी राजीव गांधी नगर, माढ़ोताल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने अपने साथी संजू के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया और छीनी गई अंगूठी संजू केवट के पास होने की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस ने तलाश करते हुए संजू केवट (22), निवासी करमेता को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने भी वारदात करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से डायमंड लगी सोने की अंगूठी बरामद कर ली गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post