Jabalpur News: 10 किलो गांजे के साथ उड़ीसा से आया तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार, साथी 'मलखान' की तलाश में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना मदनमहल पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने मॉडल रोड स्थित लॉयड गैलरी के पास दबिश देकर 10 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजे के साथ एक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जप्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 लाख 8 हजार 400 रुपये बताई जा रही है।

मदनमहल थाना प्रभारी उमेश यादव के अनुसार, बीती रात क्राइम ब्रांच को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि मॉडल रोड पर लॉयड गैलरी के सामने बस से उतरा एक संदिग्ध व्यक्ति नीले और हरे रंग का बैग लेकर खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच और मदनमहल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि कुमार (पिता बबन ओझा, उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम इस्माईलपुर, थाना मेंहदिया, जिला अरवल (बिहार) तथा हाल निवासी झारसुगुड़ा (उड़ीसा) बताया। आरोपी के पास मौजूद दोनों बैगों की एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली गई, जिसमें हरे बैग से 5 पैकेट और नीले बैग से 5 पैकेट गांजा बरामद हुआ।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने ही गांव के निवासी मलखान (हाल निवासी पाटन रोड, जबलपुर) के साथ बस से आया था। मलखान उसे तीन पत्ती बस स्टैंड पर मिलने की बात कहकर बस स्टैंड से कुछ दूरी पहले ही उतर गया था। आरोपी ने बताया कि गांजे की सप्लाई की मुख्य जानकारी मलखान को ही है। पुलिस अब फरार साथी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post